वाराणसी। अमर उजाला की अभिनव थीम पेंटिंग कॉम्पटिशन ‘माई फ्रैंड गणेशा’ के प्रति बच्चों और किशोरों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले दिन अमर उजाला कार्यालय के साथ ही स्कूल-कालेजों में पेंटिंग शीट लेने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। गणेश की आकृति बनाकर पुरस्कार पाने के लिए होड़ सी लग गई है।
गणेशोत्सव के तहत पेंटिंग शीट पर 51 हजार गणपति को आकार दिया जाएगा। पेंटिंग कॉम्पटिशन के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में भाग लेकर अभ्यर्थी प्रथम पूज्य भगवान गणेश के प्रति अपने भावों को अलग तरीके से अभिव्यक्त करेंगे। प्रदेश भर में 75 हजार पेंटिंग शीट का वितरण और 51 हजार के वापसी का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को पेंटिंग शीट लेने के लिए अमर उजाला कार्यालय चांदपुर और सिटी आफिस (जगतगंज) पर बच्चे सुबह से ही आने लगे। इसके साथ ही शहर के कई स्कूल-कालेजों की तरफ से भी शीट मांगे गये। अमर उजाला कार्यालय से करीब 600 शीट का वितरण किया गया जबकि स्कूल-कालेजों में तीन हजार शीट भिजवाये गए।
शीट का वितरण सात सितंबर तक होगा जबकि उसे 11 सितंबर तक जमा किया जा सकता है। जिलास्तर पर चुने गए विजेताओं में से ही प्रदेश स्तर के विजेता चुने जाएंगे, जिन्हें बहुमूल्य उपहार दिए जाएंगे। पुरस्कृत अभ्यर्थियों की पेंटिंग और उनका परिचय ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित किया जाएगा। सीनियर वर्ग (कक्षा 7 से 12) और जूनियर वर्ग (कक्षा 1 से 6) के बच्चे प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। दोनो श्रेणियों में अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। पेंटिंग शीट लेने के बाद प्रतिभागियों को उसके पीछे अपना नाम, उम्र, पिता का नाम, स्कूल का नाम, कक्षा, सेक्शन और मोबाइल नंबर के कॉलम भरना अनिवार्य है। अन्यथा प्रतिभागी की शीट प्रतियोगिता में शामिल नहीं की जाएगी।