लोहता। हरपालपुर में ताजिया का जुलूस निकलने से पहले कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करना शुरू कर दिया है। इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शांति स्थापित करने के लिए लोहता थाने में बुधवार को बैठक बुलायी थी लेकिन दोनों पक्ष अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था कायम करने के लिए सीसी टीवी कैमरा के साथ काफी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया है। डीआईजी ए सतीश गणेश ने विवादित स्थल का जायजा लेने के बाद जिला प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त करने का निर्णय लिया है। दोनों पक्षों के विवाद को देखते ही चार परिवार अपने घरों में ताला बंद कर अन्यत्र चले गए हैं।
हरपालपुर के रास्ते से होकर गुरुवार को ताजिया इमाम चौक पर रखी जाएगी। इस मामले में रास्ते के विवाद को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर बैरकेटिंग लगाने के साथ सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस मामले में बुधवार को लोहता थाने में एडीएम और एसपी ग्रामीण की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक बुलाई गई थी। इस बीच एक पक्ष बैरकेटिंग हटाने के लिए दबाव बना रहा था। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि बैरकेटिंग हटाई गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस बारे में डीआईजी ने मौके पर पर्याप्त फोर्स लगाने का निर्देश दिया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि कोई विवाद नहीं होगा। कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं लेकिन किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।