वाराणसी। भरथरा-पिसौर पुल संघर्ष समिति से जुड़े किसानों ने रविवार को एप्रोच मार्ग समेत कोरउत, सराय मोहाना व इसरवार पुलों के निर्माण के लिए अब तक धनराशि उपलब्ध नहीं होने पर क्षेत्र में भ्रमण कर भिक्षाटन किया। भिक्षाटन में शामिल किसान अधूरे पुलों के लिए धनराशि आवंटित करो, अखिलेश सरकार का पैसा खत्म, भिक्षा दो, भिक्षा दो आदि संबंधी नारे लगा रहे थे। उधर, संघर्ष समिति ने अधूरे पुलों के निर्माण में देरी के खिलाफ सोमवार से निर्माणाधीन पिसौर-भरथरा पुल स्थल पर भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भरथरा-पिसौर पुल के एप्रोच रोड के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से कार्यदायी संस्था को अब तक धनराशि ही नहीं उपलब्ध कराई गई है। पैसा मिल जाता तो पुल का निर्माण कार्य 2006 में ही पूरा हो जाता लेकिन धनराशि के अभाव में आधा कार्य ही हो पाया है। कमोवेश यही स्थिति कोरउत, सराय मोहाना, इसरवार पुलों की है। धनराशि नहीं मिलने से इन पुलों का निर्माण अब तक अधूरा है। अधूरे पुलों के निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए पूर्व में हुए आंदोलन के दौरान अधिकारियों की तरफ से धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था लेकिन कार्य पूरा करने के लिए धनराशि अब तक जारी नहीं की गई। संघर्ष समिति के संयोजन गगन प्रकाश ने बताया कि भिक्षाटन के जरिए 378 रुपये एकत्र किए गए। यह धनराशि ड्राफ्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से निर्माणाधीन पिसौर-भरथरा पुल क्षेत्र में भूख हड़ताल शुरू किया जाएगा। भिक्षाटन में दिलीप पटेल, सर्वेश पटेल, लोरिक पाल, रामआसरे राजभर, राजेश राजभर, दीपक शर्मा, रमेश सेठ, जमील अहमद आदि शामिल थे।