वाराणसी। शमन शुल्क वसूली में पहला स्थान हासिल करने वाली वाराणसी की ट्रैफिक पुलिस के समक्ष नामांकन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने की चुनौती है। फिलहाल 60 फीसदी यातायात पुलिस चुनाव ड्यूटी करने के लिए दूसरे जिलों में है। एसपी त्रिभुवन सिंह ने बुधवार को मातहतों की बैठक में कहा कि यह चुनौती का समय है और इसी में व्यवस्था संभालने की दक्षता की परीक्षा होनी है। लिहाजा सभी पुलिसकर्मी सतर्क रहें। शमन शुल्क वसूली में पहला स्थान हासिल करने पर वाराणसी को विशेष बजट दिया गया है। इससे मोबाइल सेट खरीदे गए हैं। यातायात प्रबंधन निधि से खरीदे गए इन 50 मोबाइल सेटों को एसओ एवं सीओ को दिए गए हैं। एसपी यातायात ने अधिकारियों से कहा कि नामांकन की प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू हो रही है। वाराणसी संसदीय सीट पर दुनिया भर की निगाहें लगी हुई हैं। प्रत्याशी भी नामांकन के दौरान पूरा दमखम दिखाएंगे। ऐसे में चौकसी जरूरी है। नामांकन और नाम वापसी तक लगातार यातायात पर दबाव बना रहेगा। इस तरह 28 अप्रैल तक परीक्षा की घड़ी है। नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल समेत तमाम दिग्गज नेता इस दौरान वाराणसी में रहेंगे। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में जनसमूह आएगा। जुलूस में आने वाले वाहनों की पार्किगिं व्यवस्था करने की भी चुनौती है। ऐसे में आम लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए भ्रमणशील रहकर रूट डायवर्जन सुनिश्चित करें।