वाराणसी। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि काशी के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए रेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे रेल राज्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। सरकार की योजनाओं में पूर्वांचल को तवज्जो दी जा रही है। काशी को हेरिटेज सिटी का दर्जा दिलाने और पूर्वांचल में एम्स खोलने के भी प्रयास भी किए जा रहे हैं।
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि रेलवे ने जिन योजनाओं की घोषणा रेल बजट में की है उनके केंद्र में काशी ही है। यहां का औद्योगिक विकास करने पर सरकार का विशेष ध्यान है। प्रदेश सरकार की ओर से महायोजना 2031 की मंजूरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में दिल्ली में बैठक चल रही है। मंडुवाडीह रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर के प्रश्न पर उन्होंने जवाब दिया, हम उम्मीद की नहीं हकीकत की बात करते हैं। परिणाम जल्द ही दिखेंगे। इससे पूर्व उन्होंने उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने दोनों रेल मंडलों खासकर पूर्वांचल से जुड़े रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों का हाल जानना। मंडुवाडीह से 1 अगस्त से शिवगंगा के संभावित परिचालन के मद्देनजर नए निकास द्वार व काउंटर बनाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की। साथ ही गाजीपुर से वाराणसी के बीच तीन आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) के निर्माण की तैयारियों की जानकारी भी हासिल की। इसी प्रकार उत्तर रेलवे के अधिकारियों से भी स्टेशन को आकर्षक व सर्वसुविधा संपन्न बनाने से जुड़े कार्यों का हाल जाना।