चिरईगांव (सं.)। खरगीपुर राजभर बस्ती में शनिवार को दूषित खाना खाने से छह बच्चों समेत सात लोग बीमार हो गए। उन्हें पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से सभी को पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में उल्टी-दस्त से पीडि़त सात लोग शनिवार सुबह 10 बजे पहुंचे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. राजनाथ ने जांच के बाद दूषित खाना खाने से तबियत बिगड़ने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पीडि़तों को पं. दीनदयाल अस्पताल भेज दिया गया। गांव में ओआरएस पैकेट सहित जरूरी दवाएं बांटी गईं। पीडि़तों में अधिकतर एक ही परिवार के हैं। बीमार लोगों में प्रिंस (8), आकाश (10), शिवांगी (12), दिव्या (14), पप्पू (30), खुशी (6) और हेमा (4) शामिल हैं।