वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में ‘सांसद आदर्श ग्राम योजना’ के तहत चयन के लिए जिला प्रशासन की ओर से पीएमओ को पांच गांवों की सूची गुरुवार को भेजी गई। मुख्य विकास अधिकारी विशाख जी ने बताया कि काशी विद्यापीठ ब्लाक के ककरहिया, आराजीलाइन ब्लाक के गंजारी और खेवली तथा सेवापुरी ब्लाक के सिखड़ी एवं नवानीपुर गांव का नाम ‘आदर्श ग्राम’ के लिए प्रस्तावित कर पीएमओ को भेजा गया है।
विकास भवन के अधिकारी सुबह से ही आदर्श ग्राम का नाम तय कर उसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजने मेें जुटे रहे। सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और डीआरडीए से गांवों के नाम मांगे थे। नाम तय करने के दौरान इस बात का ख्याल रखा गया है कि प्रस्तावित गांवों को पहले किसी अन्य योजना में चयनित न किया गया हो। साथ ही इन गांवों में साफ-सफाई के प्रति लोगों में अधिक जागरूकता हो। जिन गांवों का नाम भेजा गया है वे रोहनिया और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के हैं। इस क्षेत्र के विधायक समाजवादी पार्टी के हैं।
प्रधानमंत्री लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मदिन 11 अक्तूबर से सांसद आदर्श ग्राम योजना की शुरुआत करेंगे। स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने इसका ऐलान किया था। 2019 तक हर सांसद एक एक गांव को गोद लेकर उसका विकास करेगा। चयनित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यावरण क्षेत्र में विकसित करना है। शर्त यह है कि सांसद उन्हीं गांवों का चयन करेंगे जिसकी आबादी 3 से 5 हजार के बीच है।