वाराणसी। अपर पुलिस महानिदेशक और जेल के महानिरीक्षक आर पी सिंह समीक्षा बैठक के बाद अचानक शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में धमक पड़े। एक घंटे के मुआयने के दौरान उन्होंने दो सर्किलों में कैदियों की समस्याएं सुनीं।
एडीजी मंडलायुक्त सभागार से डीआईजी वीके जैन के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे। उन्होंने सर्किल संख्या एक और दो के कैदियों से मुलाकात की। कैदियों ने बताया कि लंबे समय तक सजा काटने के बाद वे रिहाई चाहते हैं। कुछ कैदियों ने पेरोल पर छोड़ने और कुछ अपराधियों ने लखनऊ माडल जेल में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। बीमार कैदियों ने बेहतर इलाज का अनुरोध किया। सभी कैदियों ने अपने घर वालों से बातचीत करने के लिए पीसीओ की मांग की। एडीजी ने कहा कि अभी बजट नहीं है। अगले साल इस मांग पर विचार किया जाएगा। उन्होंने शीघ्र वाटर कूलर लगाने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद जेल के बाहर उन्होंने पत्रकारों को बताया कि जेल के अंदर कुछ कमियां हैं। उनको दुरुस्त करने की सलाह दी गई है। कैदियों की रिहाई के लिए दया याचिका और नामिनल रोल मंगाकर उनकी जांच कराई जा रही है। बंदीरक्षकों के तबादले के मामले में अभी कुछ नहीं किया जा सकता है।