वाराणसी। सावन मेला के दौरान बेहतर कार्य करने वाले 70 पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीडी पाल्सन ने रविवार को सम्मानित किया। इसके पहले डीआईजी ए सतीश गणेश ने एसपी (सिटी) संतोष सिंह और एसपी (सुरक्षा) श्रीपति मिश्रा के कार्यों की सराहना करते हुए दोनों अधिकारियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया था।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अच्छा कार्य करने वाले मातहत सम्मानित किए जाएंगे और खराब करने वाले दंडित। इसी क्रम में उन्होंने सावन मेले के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के रेड जोन में रहकर सराहनीय भूमिका निभाने वाले 26 पुलिसकर्मियों को गिफ्ट के साथ प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। इसी प्रकार अन्य 44 लोगों को सराहनीय कार्य के लिए सिर्फ प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख लोगों में इंस्पेक्टर लईक अहमद, उपनिरीक्षक दिग्विजय नाथ मिश्रा, योगेंद्र प्रसाद, वेद प्रकाश, देव कुमार पाठक, छोटेलाल यादव, फूलचंद, परशुराम मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक शशि मिश्रा, तारामणि पांडेय, सिपाहियों में आनंद सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, गिरधारी मिश्र और रेडियो आपरेटर समेत अन्य लोग शामिल रहे। सम्मान समारोह में आईपीएस मुनिराज, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण अमरेंद्र प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।