वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के 109 में से 80 छात्रों को नोटिस दिया गया है। कम उपस्थिति के कारण उन्हें नोटिस जारी किया गया है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. रमेश कुमार द्विवेदी की ओर सेे दिए गए नोटिस में कहा गया है कि यदि उन्होंने उपस्थिति में सुधार नहीं किया तो उन्हें परीक्षा से रोक दिया जाएगा। शिक्षा संकाय में बीएड में 84 तथा एमएड में 25 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। नवंबर तक इन विद्यार्थियों के उपस्थिति के ब्योरा के आधार पर यह पाया गया कि इनमें से 80 छात्रों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम है। प्रो. द्विवेदी के अनुसार इन छात्रों के घर पर भी पत्र भेजकर उनके परिजनों को उपस्थिति के बारे में बताया गया है। इसके पहले शास्त्री तथा आचार्य के 340 छात्रों को नोटिस दिया जा चुका है।
वीसी ने कर्मचारियों की उपस्थिति जांची
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाइसचांसलर डा. पी नाग ने सोमवार को केंद्रीय कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच में पाया गया कि छह कर्मचारियों ने उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं किया है। इस पर उन्होंने उनके नाम के सामने क्रास लगा दिया। बिना कामकाज के बैठे छह कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्हें अतिरिक्त काम देने का निर्देश दिया।