वाराणसी। अधिवक्ता देवेंद्र सिंह की पत्नी से दिनदहाड़े हुई लूट से आक्रोशित अधिवक्ता दूसरे दिन मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। कार्य से विरत रहते हुए अधिवक्ताओं ने एसएसपी आफिस के समक्ष धरना प्रदर्शन किया और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। वहीं एसएसपी अजय कुमार मिश्र ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
बनारस बार सभागार में सेंट्रल और बनारस बार की संयुक्त बैठक में अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटी गई ज्वेलरी बरामद न होने के पीछे पुलिस की लापरवाही बताई। अधिवक्ताओं का कहना था कि हर रोज लूट हो रही है। शहर में कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस दौरान पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद अधिवक्ता सिविल कोर्ट में पुलिस प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए एसएसपी आफिस पहुंचे और पोर्टिको में बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान अधिवक्ताओं से मुलाकात में एसएसपी ने उनकी बातों को सुना और दो दिन में लुटेरों की गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया। धरना प्रदर्शन में बनारस बार अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रमोद पाठक, महामंत्री राम राजीव सिंह, कमलेश सिंह कमल, यूपी बार कौंसिल सदस्यगण अरुण त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, अशोक प्रिंस, हरिशंकर पाठक, अजय सिंह, जयनाथ मिश्र आदि शामिल रहे।