वाराणसी। जिले के दो प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज और परविंदर सिंह ने मंगलवार की देर रात अखरी में अवैध वसूली कर रहे दो सिपाहियों को धर दबोचा। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसी प्रकार टेंगरा मोड़ चौराहे के समीप अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर दो सिपाहियों के खिलाफ रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी अजय कुमार मिश्रा ने चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि फेसबुक और अन्य स्रोतों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
आईजी एसटीएफ के निर्देश पर दोनों प्रशिक्षु अधिकारी मंगलवार की रात इनोवा कार से गश्त पर निकले। अखरी पहुंचने पर उन्होंने चौराहे पर देखा कि सिपाही ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह और बब्लू कुमार की तलाशी ली। दोनों के कब्जे से अधिकारियों ने 270 रुपये बरामद किया। पता चला कि दोनों को लेकर कुछ सिपाही थाने आ रहे थे लेकिन वे रास्ते में चंपत हो गए। थानाध्यक्ष रोहनिया ने इस तथ्य से इनकार किया है। इस मामले में रोहनिया थाने में दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी प्रकार भीटी के बब्लू सोनकर ने एसएसपी से फेसबुक के माध्यम से शिकायत की थी कि टेंगरा मोड़ चौराहे पर पुलिस प्रति ट्रक 500 रुपये वसूलती है। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। दोनों सिपाहियों के खिलाफ रामनगर पुलिस ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी ने चारों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया।