स्याल्दे-बिखौती मेले में बृहस्पतिवार की देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। झोड़े-चांचरी के माध्यम से लोगों ने समां बांध दिया। इधर, शीतलापुष्कर मैदान के सांस्कृतिक मंच में स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने भी रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विवेकानंद विद्या मंदिर के बच्चों ने होलियों में उड़े रे गुलाल नृत्य पेश किया। द्वाराहाट पब्लिक स्कूल ने भई श्याम रोक लाई गीत, शिशु मंदिर के बच्चों ने रेशम का रुमाल गले में डाल खड़ी हूं, दिलदार मैं सुरमा लगाके खड़ी हूं दरवज्जे पे गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। दूनागिरि माडर्न स्कूल के बच्चों ने गढ़वाली गीत नचनी लगाई दातुली के माध्यम से समां बांधा। प्रख्यात लोकगायक स्व. गोपाल बाबू गोस्वामी के पुत्र रमेश गोस्वामी ने ना रो चेली ना रो मेरी बान, जा चेली सौरास, वहीं उभरते कलाकार तुषार मठपाल ने गिटार पर लाइयां,लाइयां तेरे नाल ढोलना, इको दिल सी गया, तेरो बोलणा, तेरे इश्क में हो गई आवारी मैं की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
देर रात तक चले इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन विमल शाह और युगल शाह ने किया।
बाक्स
मीना बाजार में हुई खरीदारी
द्वाराहाट। स्याल्दे-बिखौती मेले के चौथे दिन मीना बाजार सजाई गई, जिसमें महिलाओं ने भारी मात्रा में सामान की खरीदारी की। सामान खरीदने के लिए देर रात तक बाजार में भीड़ लगी रही। बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
बाक्स
पानी के लिए सूखे हलक
द्वाराहाट। स्याल्दे-बिखौती के मुख्य मेले में इस बार पानी की भारी किल्लत देखी गई। लोक कलाकारों का गला सूख रहा था, लेकिन उनके पास पीने के लिए भी पानी की व्यवस्था नहीं थी। जल संस्थान ने स्टेंड पोस्ट लगाए थे, लेकिन वह शो पीस बने रहे।
बाक्स
एटीएम ने दिया धोखा
द्वाराहाट। स्याल्दे-बिखौती मेले में नगर में स्थापित अधिकांश एटीएम ठप रहे। लोगों को धन निकालने में भारी परेशानी हुई। यहां एसबीआई, पीएनबी, अरबन बैंक के आधे दर्जन से अधिक एटीएम ठप रहे।