नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच रहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वागत की तैयारियों पर चर्चा हुई। बताया गया कि जागेश्वर में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सात नवंबर को बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेंगी। स्वागत के लिए पार्टी के फ्रंटलों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने गैरसैंण में भाजपा विधायकों पर अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। संसदीय सचिव विधायक मनोज तिवारी ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रस्तावित दौरे पर खुशी जताई। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। अध्यक्षता पूरन रौतेला ने और संचालन सभासद हेम तिवारी ने किया।
विज्ञापन
बैठक में सूक्ष्म कर सलाहकार उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक, सफाई आयोग उपाध्यक्ष सिकंदर पवार, पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष तारा जोशी, दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप सिंह डांगी, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष त्रिलोचन जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति बिष्ट, लता तिवारी आदि मौजूद थे।