अमरोहा। पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे सीरिज में इंडिया टीम का हिस्सा बने सामी अहमद के गांव सहसपुर में सोमवार को भी जश्न का माहौल रहा। बेटे की कामयाबी पर परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वहीं, समाजी व सियासी शख्सियतों ने भी इस तेज गेंदबाज की जमकर प्रशंसा व उज्जवल भविष्य की कामना की है।
पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष नौशाद अली ने सहसपुर गांव पहुंच सामी के परिवार को बधाई दी। इसके साथ ही अन्य खिलाड़ियों को सामी से सीख लेने का संदेश दिया। बोले, जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं, लेकिन सुविधाओं के आभाव में कोहिनूर उभर नहीं पा रहे। मुगीस पाशा, सुल्तान अहमद, मुस्तकीम, संदीप, उवैस आदि रहे। वहीं, रालोद जिलाध्यक्ष मुजाहिद चौधरी का कहना है सामी ने बाइस साल की उम्र में, जो कमाल कर दिखाया, वो हर किसी के बूते की बात नहीं। क्योंकि, इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत और लगन जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले में खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम का निर्माण जरूरी है। सैफी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में भी खुशी का इजहार किया गया। प्रवक्ता अब्दुल वहाब सैफी ने कहा कि सामी के साथ उसका पूरा परिवार काबिले मुबारकबाद है। अध्यक्ष हाजी शाहिद सैफी, हाजी मेहरबान, मो.अली, शहाबुद्दीन, मुन्ना सैफी, वसीम भारती, शाकिब, अतहर वगैरह रहे।