जोया। छात्रा से छेड़छाड़ और परिवार पर हमले की नीयत से घर पर धावा बोलने के मामले देर रात आखिरकार डिडौली पुलिस ने आरोपी युवक समेत पिता और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, देर शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। उधर, दिन निकलते ही आला अफसरों ने मातहतों के लाइन पर लेकर पेंच कसते हुए छेड़खानी की शिकायत पर फौरी एक्शन लेने की हिदायत भी दे डाली।
बता दें कि मंगलवार को डिडौली क्षेत्र के गांव सरकड़ी अजीज में बेटी से छेड़छाड़ के विरोध पर गांव के युवक ने परिजनों और साथियों के साथ शिक्षक अतर सिंह के घर चढ़ाई कर दी थी। गाली गलौज करते हुए पुलिस से शिकायत करने पर धमकियां दी थी। हंगामे पर आसपड़ोस के लोगों के घेराबंदी करने पर फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित परिवार और छात्रा से पूछताछ की थी।
देर रात शिक्षक की तहरीर पर आरोपी अमित पुत्र बदनू के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ उसके पिता और भाई मोहित व कल्लू को भी मामले में नामजद कर दिया। बुधवार को आरोपियों की धरपकड़ के लिए गांव और अन्य ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी कोतवाल आरपी सिंह का कहना है जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।