अमरोहा। दिल्ली गैंग रेप के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर देशभर में पुलिस भले ही संजीदा हो, लेकिन अमरोहा से जुड़े छजलैट थाने की पुलिस ने तो इतने गंभीर मुद्दे को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया। खेत पर काम कर रही युवती से बलात्कार का प्रयास करने वाले प्रधान पुत्र को ग्रामीणों ने पीटकर पुलिस को सौंपा। सारी रात थाने में बैठाने के बाद पुलिस बिना कार्रवाई बाकायदा उसे घर तक छोड़कर लौट गई। इससे नाराज पीड़ित पक्ष मुख्यमंत्री से शिकायत को लखनऊ रवाना हो रहा है।
देहात थानांतर्गत नन्हेड़ा अहिल्यारपुर चौकी क्षेत्र के गांव पूर्व प्रधान के पुत्र को ग्रामीणों ने उस वक्त घेर लिया था जब वह पड़ोसी गांव की युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे बंधक बनाकर जमकर पीटा था और बाद में मौके पर पहुंची छजलैट पुलिस मामला अपनी सीमा क्षेत्र का बता आरोपी को जीप में डालकर ले गई थी। मामले का अहम पहलू यह है कि सारी रात थाने में बैठाकर रखे आरोपी को पुलिस ने कार्रवाई का साहस जुटाए बिना बाकायदा उसी जीप से गांव में घर तक पहुंचा दिया।
इधर, पुलिस की इस गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। गुस्साए युवती के परिजनों ने सत्तापक्ष के कुछ असरदार लोगों को लेकर मुख्यमंत्री के दरबार में हाजिरी लगाने लखनऊ रवानगी का फैसला किया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम से संबंधित देहात थाना पुलिस पूरी तरह अंजान बनी है।