अमरोहा। नेशनल हाईवे पर कांवड़ियों के लिए की गई कड़ी सुरक्षा के बीच बदमाश ढाबे के सामने खड़े करीब 26 लाख के स्क्रैप से भरा ट्रक लूटकर ले गए। केबिन में सो रहे चालक को बदमाशों ने मोबाइल छीनकर अगवा कर लिया और पिटाई करते हुए रास्ते में फेंककर फरार हो गए।
ट्रक में बनारस से मुजफ्फरनगर राणा लोहा फैक्टरी के लिए कच्चा लोहा लेकर चला चालक शकील अनवर पुत्र फरीद अनवर निवासी दीपा सराय हिंदूपुरा थाना नखासा संभल रात करीब दो बजे जोया में हाईवे किनारे ढाबे के सामने खाना खाने के लिए रुक गया। कुछ देर बाद ट्रक के केबिन में ही सो गया। इस बीच चार-पांच बदमाश केबिन की जाली तोड़कर भीतर घुस आए और चाभी छीनकर ट्रक कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर शकील को अगवा कर लिया और तमंचों की बट से उसे पीटते हुए दिल्ली दिशा की तरफ ट्रक लेकर फरार हो गए।
बदमाशों ने रजबपुर के पास चालक के हाथ-पांव बांधकर फेंक दिया। किसी तरह से सूचना पर पहुंचे ट्रक स्वामी ने चालक को बुंधनमुक्त कर पुलिस को खबर कर दी। इधर, पुलिस और क्राइम ब्रांच की घेराबंदी भांप बदमाश माल समेत ट्रक को गजरौला-ब्रजघाट के मध्य मोहम्मदाबाद गांव के पास छोड़कर भाग निकले। इधर, ट्रक कब्जे में लेकर पुलिस कोतवाली ले आई। लूट का मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी है।