गजरौला। आखिर वही हुआ जिसका अंदेशा था। स्नान पर्व पर पुलिस के सभी इंतजाम धरे के धरे रह गए और लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे 24 पर स्थित ब्रजघाट में जाम लग गया। स्थिति बिगड़ी तो सिपाहियों ने वाहनों के पहियों में सूजे घोंपने शुरू कर दिए।
और पढ़ें
हाईवे स्थित ब्रजघाट में माह में दो बार पूर्णिमा और अमावस्या पर्व पर गंगा मेला लगता है। भारी भीड़ के कारण हर बार वहां जाम भी लगता है। इस कारण समस्या गहरा जाती है। शुक्रवार को भी यही हुआ। हाईवे पर ब्रजघाट में फिर से जाम लग गया। पुराना पुल बंद होने के कारण ट्रैफिक नए पुल से गुजारा जा रहा है। वहां वाहनों के सवारियां बैठाने के कारण कई घंटे तक जाम की स्थिति रही। मजबूरन ड्यूटी पर तैनात हापुड़ की ब्रजघाट पुलिस चौकी के सिपाहियों ने सूजे निकाल लिए और सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के पहियों में घोंपने शुरू कर दिए। पुलिस का यह प्रयास रंग लाया और कुछ देर बाद ही पुल पर यातायात सुचारु हो गया।