अमरोहा। पटना में सीरियल ब्लास्ट को लेकर जिले में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। देर शाम में सड़क पर उतरी पुलिस ने संवेदनशील स्थानों के साथ ही रेलवे स्टेशन और रोडवेज जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग की। वहीं, जिले की सीमाओं पर एकाएक पहरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस हर आने-जाने वाले पर निगाह रख रही है। जहां रूटीन गश्त में तेजी आई है वहीं खुफिया विभाग की निगाहें भी संदिग्ध और खुराफाती लोगों पर जा गड़ी है।
रविवार को पटना में हुए सीरियल ब्लास्ट का असर अमरोहा में भी नजर आया। लखनऊ से चौकसी का मैसेज फ्लैश होते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए। जिले भर के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर एकाएक सुरक्षा बढ़ा दी गई। अराजक तत्वों की धरपकड़ के लिए मुख्य चौराहों और सड़कों पर वाहन चेकिंग की। माहौल बिगाड़ने वाले खुराफाती खुफिया विभाग की रडार पर है। अधिकारियों ने रूटीन गश्त में तेजी लाने के निर्देश दिए है।
वहीं, जीआरपी-आरपीएफ ने भी रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती। बोगियों का खंगाला। प्लेटफार्म पर मुसाफिरों के सामान की तलाशी ली। बिना वजह स्टेशन में घूमने वालों को खदेड़ दियरा। एसपी एसएस बघेल ने कहा कि दीपावली के दृष्टिगत चौकसी बरती जा रही है।