रजबपुर (अमरोहा)। गुरुवार रात थानाक्षेत्र के खाता गांव में परिजनों ने बेटे को शराब पीने पर डांट दिया तो उसने केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। इलाज के लिए बिजनौर ले जाते समय रास्ते मेें उसकी मौत हो गई।
किसान जगराम सिंह के बेटे रामानंद ने गुरुवार रात दोस्तों के साथ शराब पी। नशे में धुत होकर घर पहुंचा। बेटे को बेसुध हालत देख किसान ने डांट लगा दी। इस पर गुस्साए रामानंद ने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली।
चीखने चिल्लाने पर दौड़े परिजनों ने जब तक दरवाजा तोड़ आग पर काबू पाया तब तक रामानंद काफी झुलस चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौकेे पर पहुंच गई। आननफानन में एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन हालत चिंताजनक देख डाक्टर ने मेरठ ले जाने की सलाह दे दी। देर रात में बिजनौर ले जाते समय रामानंद (22) की मौत हो गई।