अमरोहा। मोबाइल फोन पर कॉल कर परेशान कर रहे युवक को लड़की ने बातों में फंसाकर रेस्टोरेंट बुला लिया। वहां मौजूद युवती के परिजनों ने उसकी तबियत से धुनाई की। चारों तरफ से घिरकर पीटने पर युवक ने जैसे तैसे दौड़ लगाकर जान बचाई।
डिडौली क्षेत्र के भीकनपुर मूंढा गांव निवासी एक युवक गजरौला क्षेत्र की एक लड़की के मोबाइल फोन पर काफी दिन से कॉल कर रहा था। परेशान होकर लड़की ने कई बार मना किया लेकिन वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिसके बाद लड़की ने भी उसे सबक सिखाने की ठान ली। पहले नखरे दिखाए और फिर आहिस्ता-आहिस्ता युवक से मोबाइल पर बातचीत शुरू कर दी। युवक को दोस्ती के जाल में फंसाकर मंगलवार को पहली मुलाकात के लिए अतरासी मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट पर बुला लिया। युवक के रेस्टोरेंट में घुसते ही युवती के परिजनों ने उसे घेर लिया और फिर आव देखा न ताव लात घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। सरेराह दौड़ा दौड़ाकर पीट घायल कर दिया। घिरने पर युवक ने उठक बैठक लगाकर माफी मांगी और हंगामे के बीच मौका मिलते ही भाग निकला। इस घटना से करीब घंटेभर तक हंगामे और अफरातफरी की स्थिति रही।