कैलसा(अमरोहा)। थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के तेलीपुरा माफी में किसान की हत्या के मामले में अज्ञात में दर्ज रिपोर्ट में हत्यारोपियों के नाम उजागर किए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार रात अमरोहा-पाकबड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसडीएम,सीओ ने मौके पर पहुंचकर न्याय दिलाने का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत किया।
तेलीपुरा माफी में शिक्षामित्र लड़की को अपने साथ ले जाने और दूसरी लड़की के साथ छेड़छाड़ को लेकर आठ माह से चल रहे तनाव के बीच प्रकाश चंद्र यादव की कुछ लोगों ने गुरुवार की रात गांव के बाहर ट्यूबवैल पर गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई सुभाष की ओर से अज्ञात में मामला दर्ज कर लिया था। जबकि परिजन नामजद रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को अंत्येष्टि होने के बाद रात लगभग नौ बजे मृतक के परिजन भड़क गए और अमरोहा-पाकबाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि अज्ञात में दर्ज रिपोर्ट में हत्यारोपियों के नाम उजागर किए जाएं। एसडीएम प्रेमप्रकाश व सीओ सिटी डा. कृष्ण गोपाल यादव गांव पहुंच गए और ग्रामीणों को शांत कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
एसओ को हटाने की मांग
कैलसा। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे सीओ डा. कृष्ण गोपाल यादव से मृतक के परिजनों ने एसओ देहात को हटाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही की वजह से हत्या हुई है। ग्रामीणों की एसओ से भी नोकझोंक हुई।
तनाव के बीच पुलिस फोर्स तैनात
कैलसा। तेलीपुरा माफी गांव में प्रकाश चंद्र यादव की हत्या के बाद दूसरे दिन भी तनाव बरकरार है। हालांकि नौगावां सादात एसओ और डिडौली कोतवाली इंचार्ज को तेलीपुरा माफी से हटा लिया गया। लेकिन देहात पुलिस और पीएसपी अभी भी तैनात है। रात में भी पुलिस गश्त तेज रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रामलीला आयोजन पुलिस ने दूसरे दिन भी नहीं होने दिया। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला।
हत्यारों का नहीं लगा सुराग
कैलसा। हत्या के खुलासे को गठित टीमों को दूसरे दिन भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं मृतक के परिजन जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वह लोग गांव छोड़कर भागे हुए हैं। परिवार में सिर्फ महिलाएं रह गई हैं।
ग्रामीण थोड़ा उत्तेजित हो गए थे, घटना का खुलासा कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में उन लोगों को शांत कर दिया गया। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डा. कृष्ण गोपाल यादव, सीओ सिटी