मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव चुचैला कलां की रहने वाली युवती की उसकी ससुराल बिजनौर के चांदपुर कोतवाली के गांव सैनीपुरा में एक कुएं में सोमवार को लाश मिली। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर बिजनौर के सीमांत गांव रामपुर मनिहारान में शव रखकर जाम लगा दिया है। कोतवाली चांदपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर मायके वालों से बातचीत कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव चुचैला कलां निवासी ओमप्रकाश सैनी ने सन 2003 में अपनी बेटी सुधा की शादी बिजनौर जिले की चांदपुर कोतवाली के गांव सैनीपुरा निवासी कमल के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। शनिवार को सुधा की लाश गांव के बाहर एक कुएं में मिली। सूचना पर पहुंचे परिवारवालों ने कोतवाली चांदपुर मेें उसकी हत्या किए जाने की शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे खफा परिजनों ने सुधा के शव को लेकर जनपद अमरोहा व चांदपुर के सीमांत गांव रामपुर मनिहारान में जाम लगा दिया। सुधा के भाई नीरज का कहना था कि जनपद बिजनौर की पुलिस उसके बहनोई के भाई के दबाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। सूचना मिलने पर चांदपुर पुलिस मौके पर पहुच गई थी। इस मौके पर नीरज, हरपाल, अमित, ओमप्रकाश, रामपाल सैनी आदि मौजूद थे।