बागेश्वर। शहर में पल-पल लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर पालिका ने स्टेशन रोड पर बन रहे निजी कार पार्किंग स्थल का संचालन अपने हाथों में लेने का फैसला लिया है। इस निजी कार पार्किंग स्थल के बनने से शहर में जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
बागेश्वर शहर में सड़कों पर पल- पल लगने वाला जाम यातायात पुलिस और प्रशासन के लिए मुसीबत का कारण बन चुका है। इससे आम लोग खासे परेशान हैं। नगर में कार पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण भी लोगों के वाहन अक्सर सड़क पर खड़े रहते हैं। इससे सड़कों पर अक्सर जाम लगता रहता है। इस समस्या से निबटने के लिए नगर पालिका अब निजी कार पार्किंग स्थल का सहारा ले रही है। स्टेशन रोड में निजी भूमि पर बन रहे इस निजी कार पार्किंग स्थल को पालिका अपने हाथ में लेकर अपनी आय भी बढ़ाएगी और जाम की समस्या से भी निबटेगी।
यह है पालिका की कार्ययोजना
बागेश्वर। बस स्टेशन मार्ग पर एलआइसी भवन के पीछे किशोर कपूर, किट्टू की निजी जमीन है। यह जमीन कई सालों से बंजर पड़ी हुई है। नगर पालिका ने उनसे संपर्क कर इसे पार्किंग स्थल के तौर पर विकसित करने को कहा है। पालिका के साथ हुए समझौते के अनुसार कार पार्किंग से हुई आय का 80 प्रतिशत हिस्सा जमीन मालिक तथा 20 प्रतिशत हिस्सा नगर पालिका के हिस्से में जाएगा। पार्किंग स्थल निर्माण में आने वाला सारा खर्च जमीन मालिक वहन करेगा।
कोट
बस स्टेशन में बन रहे निजी कार पार्किंग स्थल को पालिका जल्द ही अपने हाथ में लेगी। इसमें दो पहिया व चौपहिया वाहनों को खड़ा करने की जगह है। नगर में सड़क किनारे जगह-जगह खड़े वाहनों को पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। जिससे नगर में लग रहे जाम से भी निजात मिलेगी।
-राजवेदव जायसी, ईओ नगर पालिका