बागेश्वर। जिलाधिकारी डा. वी षणमुगम ने यहां जिला कार्यालय में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों में ओवर लोडिंग तथा अन्य अनियमितताएं रोकने की भी हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलदारों को सरकारी बकाए की वसूली में प्रयास करने होंगे। शत प्रतिशत वसूली होनी चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हाेंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी अधिकारी को सघन अभियान चलाना चाहिए। पुलिस और राजस्व पुलिस सघन अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग करे और और ओवर लोडिंग करने वालों पर कार्रवाई करे। उन्होंने पटल सहायकों कोे समय पर कार्य निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियाें को लंबित मामलों का समय पर निपटारा कर लेना चाहिए। बैठक में गरुड़ के उपजिलाधिकारी तीरथ पाल सिंह, कपकोट के कैलाश सिंह टोलिया, बागेश्वर के तहसीलदार पदम सिंह माहरा, कपकोट के तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया, गरुड़ के खीम सिंह बिष्ट सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।