बागेश्वर। लोनिवि कपकोट के अधिशासी अभियंता जीसी आर्या के साथ हुई कथित अभद्रता के विरोध में अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का धरना आज आठवें दिन भी जारी रहा। यहां हुई सभा में पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक आरोपितों को सजा नहीं मिल जाती तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे ।
विकास भवन प्रांगण में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीसी आर्या के साथ दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अभद्रता किए हुए आज आठ दिन हो गए हैं। लेकिन पुलिस उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बैठक में तय किया गया कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर दो जनवरी को धरना स्थल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी। बैठक के बाद एक शिष्टमंडल पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती से मिला। जिसमें शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक ने शिष्टमंडल को बताया कि गिरफ्तारी को जगह-जगह दबिश दी जा रही है। लेकिन आरोपी पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने इस मामले में पुलिस को गोपनीय तरीके से में मदद करने की अपील की। सभा की अध्यक्षता अध्यक्ष पीएस बृजवाल तथा संचालन आरएस विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर विद्युत विभाग अधिकारी कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष हीरा बल्लभ पांडे, ग्राम विकास अधिकारी संघ के महामंत्री गोकुल सिंह रावत आदि मौजूद थे।