बागेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही ने विभागाध्यक्षों से कहा कि वह पंचायत सदस्यों से वार्ता कर जिला योजना का प्रारूप तैयार कर लें। सदस्यों से आह्वान किया कि तालमेल के साथ विकास को गति दें। वह जिला पंचायत की बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
जिला पंचायत सभागार में शाही ने कहा कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत से प्राप्त प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कहा कि आज प्रस्तावित प्रस्तावों को 18 फरवरी की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में सभी की भूमिका अहम है। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने सदस्यों से अपील की कि योजना ऐसी रखी जाए जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। जिलाधिकारी डा. षणमुगम ने निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय में पेयजल तथा पहुंच मार्ग के लिए लोनिवि तथा पेयजल निगम को प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए। सदस्य महेश कांडपाल ने कहा कि जिन सड़कों के निर्माण में वन अधिनियम आड़े आ रहा है उन्हें जिला योजना में नहीं रखा जाए। गोविंद दानू ने वन विभाग से नंदा राज जात के दौरान पैदल मार्गों की मरम्मत करने की मांग की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष इंद्र सिंह बिष्ट, कपकोट की ब्लाक प्रमुख पुष्पलता मेहता, राजेंद्र सिंह टंगड़िया बागेश्वर, शोभा आर्या गरुड़, मुख्य विकास अधिकारी रोशन लाल सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद थे।