बागेश्वर/गरुड़। गरुड़ के खंड शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत को उप शिक्षा अधिकारी पद से कार्यमुक्त नहीं करने पर प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को जिले में सभी प्राथमिक विद्यालय बंद करने का आह्वान किया था, लेकिन बंद का असर मिलाजुला रहा। कई विद्यालयों में पढ़ाई हुई।
शिक्षकों ने यहां मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक और बेसिक कार्यालय में ताले जड़ सभा की। वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांग शीघ्र नहीं मानी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बीईओ के खिलाफ गरुड़ में चल रहा आंदोलन अब जिला स्तर पर पहुंच गया है। प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक मंगलवार को अपनी मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक और बेसिक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी के साथ सभी कार्यालयों पर ताले जड़ दिए। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने पूर्व में सीईओ और निदेशक के आश्वासन पर दो बार तालाबंदी स्थगित की, लेकिन इस बार वह आश्वासन के भरोसे आंदोलन स्थगित नहीं करेंगे। उन्होेंने जिले के सभी विद्यालयों को भी बंद करने का आह्वान किया है। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मंगल सिंह बिष्ट और संचालन महामंत्री बलवंत कालाकोटी ने किया। इस अवसर पर हेम पांडे, विक्रम पिलख्वाल, भूपाल मेहरा, सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद थे।
गरुड़ के बीईओ कार्यालय में छठे दिन भी तालाबंदी रही। शिक्षकों की एक सूत्रीय मांग पूरी नहीं होने पर दूसरे दिन भी विकास ख्ंाड के अधिकांश विद्यालयों में ताले लटके रहे। प्राथमिक शिक्षक भारी संख्या में मंगलवार को बाईओ कार्यालय पर एकत्र हुए। उन्होंने बीईओ के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष भुवन ममगई की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक बीईओ उप ख्ंाड शिक्षा अधिकारी का पद भार हस्तांतरित नहीं करते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सभा को जानकी वर्मा,ममता कनावाल भगवती गोस्वामी, भाष्कर पंत, नीरज पंत, दिनेश नेगी, दलीप भाकूनी, चंद्रशेखर कांडपाल आदि ने संबोधित किया। संचालन ब्लाक मंत्री नवीन मिश्रा ने किया।