बागेश्वर। श्रम न्यायाधिकरण हल्द्वानी से काशीपुर स्थानांतरित होने पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई। गुस्साए अधिवक्ताओं ने बुधवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार अधिवक्ता न्यायालय परिसर में एकत्र हुए। यहां नारेबाजी के साथ सरकार के फैसले का विरोध किया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि श्रम न्यायाधिकरण हल्द्वानी का कार्यालय काशीपुर स्थानांतरित कर उनके साथ खिलवाड़ किया गया है। काशीपुर की दूरी यहां से छह सौ किमी है। यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह अन्य ट्रेड यूनियनों से सहयोग लेकर आंदोलन तेज करेंगे। अध्यक्षता बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद भट्ट ने की। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष गोविंद भंडारी, भगवत धपोला, चंद्रशेखर मिश्रा, बसंत बल्लभ पाठक, गणेश माजिला, इंद्र सिंह धामी आदि मौजूद थे। इधर बहिष्कार के चलते वादकारी खासे परेशान रहे।