बागेश्वर। सोमवार को कपकोट विधानसभा क्षेत्र की 63 पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य स्थलाें को रवाना हो गई हैं। इस विधानसभा क्षेत्र की बाकी पार्टियां और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की सभी पार्टियां छह मई के प्रात: रवाना हाेंगी।
सोमवार के प्रात: कपकोट विधानसभा क्षेत्र की 63 पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने बूथों को रवाना हुईं। उनके साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट और माइक्रोआब्जर्वर भी गए हैं। जिला निर्वाचन और जिलाधिकारी बीएस मनराल ने बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र की शेष 91 पार्टियां छह मई प्रात: रवाना हाेंगी। उन्होंने बताया कि कपकोट के दूरस्थ क्षेत्र की आठ पोलिंग पार्टियों में से छह रविवार को ही अपने अपने क्षेत्रों में पहुंच गई थीं जबकि बोरबलड़ा और कुंवारी की पार्टियां सोमवार को पहुंची हैं। डीएम ने बताया कि बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की 162 पोलिंग पार्टियां छह मई को ही रवाना हाेंगी। उन्होंने मतदानकर्मियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मतदान पूरी निष्ठा के साथ नियमानुसार संपन्न कराएं। मतदान संबंधी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराते रहने को कहा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पीसी त्रिपाठी ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री सौंप दी गई है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी बीएल फिरमाल, एसपी एनएस नपलच्याल, सीडीओ पीसी तिवारी, एआरओ फिंचा राम बागेश्वर, केएस टोलिया, गरुड़ सीएस डोभाल, कांडा रेखा कोहली, डीडीओ डा. महेश कुमार, तहसीलदार पीएस मेहरा बागेश्वर, मदन सिंह बिरोड़िया कपकोट और कांडा मोहन राम आर्य आदि मौजूद थे।