जोशीमठ (चमोली)। पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना से प्रभावित थेंग ग्राम पंचायत के प्रभावितों ने चारा पत्ती के मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
कहा गया कि परियोजना निर्माण के शुरुआत में टीएचडीसी ने उनके गांव को भी प्रभावित की श्रेणी में रखकर गांव को सार्वजनिक उपयोग का सामान मुहैया कराया, लेकिन उर्गम घाटी के भर्की गांव के ग्रामीणों ने भी उनके गांव को प्रभावित की श्रेणी में रखने की मांग उठाई तो कंपनी ने थेंग गांव को भी सुविधाएं देनी बंद कर दी हैं।
थेंग के ग्रामीणों ने जोशीमठ एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि परियोजना के अंतर्गत थेंग की वन भूमि प्रभावित श्रेणी में दर्ज है, लेकिन प्रभावितों को चारा पत्ती के मुआवजे का भुगतान आज तक नहीं किया गया है।
प्रभावितों ने प्रशासन की ओर से की जा रही सर्वे रिपोर्ट में थेंग गांव को भी शामिल कर चारापत्ती का मुआवजा देने की मांग की। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता दिलवर सिंह फर्स्वाण, बलवंत सिंह, महावीर पंवार और धर्मेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।