लोहाघाट। मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी ने पनार घाटी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने 18.03 लाख रुपये लागत से बनी सिमलखेत एवं 19.85 लाख रुपये से बनी चिलनियां पेयजल योजना के स्रोत से लेकर टैंक तक की जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की परख की।
स्वजल द्वारा निर्मित इस पेयजल योजना से दोनों गांवों की लगभग 350 की आबादी को पानी दिया जा रहा है। दोनों योजनाओं के निर्माण को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान हयात सिंह अधिकारी द्वारा कई आशंकाएं व्यक्त की गई थी। निरीक्षण के दौरान सभी आशंकाओं को दूर करते हुए कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया गया।
स्वजल के परियोजना प्रबंधक डीके पलड़िया ने बताया कि सिमलखेत योजना में तीन लाख तथा चिलनियां में चार लाख रुपये की बचत हुई है। सीडीओ ने पूरे गांव में घूमकर वहां स्वजल द्वारा निर्मित शौचालयों की स्थिति के साथ ही यहां रोजगारपरक कार्यक्रम संचालित करने की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उनके भ्रमण में जेई राजेश जोशी, सलाहकार सुरेश यादव, डीआईसी धीरेंद्र पांडेय, एसएसएस के निदेशक बीसी मुरारी के अलावा तमाम पत्रकार भी मौजूद थे। ग्राम प्रधान नंदन सिंह, बिशन सिंह, दलीप सिंह, महा सिंह, राम सिंह, मोहन सिंह, महेश सिंह, रमेश सिंह ने सीडीओ का स्वागत किया।