चंपावत। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का निकाय चुनाव में ऐसा असर दिखा कि चंपावत नगर में रविवार को मतदान के दिन व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। यहां तक कि गली-कूचों की दुकानें भी नहीं खुल पाईं। यात्रियों तथा आम लोगों को चाय, पान, भोजन के लिए परेशान होना पड़ा। वैसे आज यहां साप्ताहिक बंदी का दिन था, लेकिन साप्ताहिक बंदी के दिन खुले रहने वाले होटल तथा रेस्तरां के शटर पूरे दिन नहीं खुले। सब्जी और फल के फड़ लगाने वाले भी आज नजर नहीं आए।
और पढ़ें
यह बात अलग है कि नेशनल हाइवे पर लंबे रूट के वाहनों की आवाजाही जारी रही। आंतरिक मार्गों पर भी वाहन चलते रहे। नगर क्षेत्र में सामान्य दिनों की तरह चलने वाले वाहनों का संचालन लगभग बंद रहा। पुलिस ने नगर में तीन बैरियर लगा रखे थे ताकि अनावश्यक वाहनों को दौड़ाने वालों पर नजर रखी जाए। शराब की दुकानें आज बंद रहीं। पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल के निर्देश पर नगर में पुलिस की मोबाइल टीम ने पूरे दिन गश्त की। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ज्यादा सतर्कता रखी गई थी।