चंपावत। बीते दिनों हुई अतिवृष्टि से सिप्टी न्याय पंचायत क्षेत्र के कई गांवों में दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है। ग्रामीणों की ओर से इस संबंध में पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों को जानकारी देने पर उन्हें आश्वासन तो अवश्य मिला है, लेकिन अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, जिसके चलते ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष पनप रहा है। उन्होंने शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुचारु न होने पर 24 जून को डिवीजन कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है।
सिप्टी न्याय पंचायत के नरियालगांव, भगानाभंडारी, सुयालखर्क, गड़कोट, डिग्डई, खलकड़िया, सेला, डाबरी सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते लोगों को उजाले के लिए मोमबत्ती का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे सर्वाधिक छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शनिवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजू नरियाल के नेतृत्व में कैलाश जोशी, त्रिलोक सिंह, खिलानंद जोशी, कीर्ति खर्कवाल, प्रकाश नरियाल, गोविंद जोशी, हेमा जोशी, रमेश जोशी जोशी आदि ने पॉवर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।