टनकपुर। श्री पूर्णागिरि तहसील के विकलांगों को अब विकलांग प्रमाण पत्र के लिए जिला मुख्यालय चंपावत की दौड़ नहीं लगानी होगी। हर तीसरे माह के पहले सोमवार को स्वास्थ्य विभाग टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय में विकलांग शिविर लगाएगा। आगामी नौ फरवरी को यहां पहला शिविर आयोजित होगा।
तहसील क्षेत्र के विकलांगों को प्रमाण पत्र के लिए 75 किमी. दूर जिला मुख्यालय जाने परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग ने विकलांगों को इस परेशानी से छुटकार दिलाने की दिशा में कदम उठाया है। संयुक्त चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक घनश्याम तिवारी ने बताया कि अब हर तीन माह के पहले सोमवार को संयुक्त चिकित्सालय में मुख्य चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में शिविर आयोजित कर विकलांगता के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में ईएनटी, नेत्र और हड्डी रोग के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. वीके जोशी ने शिविर में विकलांगों से परिवार रजिस्टर की नकल, राशन कार्ड, स्थाई निवास प्रमाण पत्र की छाया प्रति और दो फोटो साथ लाना जरूरी है। चिकित्सा अधीक्षक तिवारी ने तहसील क्षेत्र के विकलांगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।