पिथौरागढ़/मुनस्यारी। शुक्रवार की रात तेज अंधड़ आने और बिजली कड़कने से बिजली की सप्लाई भंग रही। जिला मुख्यालय के आधे हिस्से में रात दस बजे से बिजली सप्लाई ठप हो गई। उधर, मुनस्यारी में 33 केवी लाइन में खराबी आने से 24 घंटे से बिजली की सप्लाई बंद है। डीडीहाट में पूरे दिन बिजली की आंखमिचौली जारी रही।
जिला मुख्यालय में रात से आधे हिस्से की बिजली सप्लाई नहीं हुई। आज सुबह विभाग के कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत और खराबी दूर करने का काम शुरू किया। दोपहर बाद तक सप्लाई सामान्य कर दी गई। मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड के बीच लोगों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी। विभाग के कर्मचारी फाल्ट नहीं ढूंढ पाए हैं। बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी डीएस निखुर्पा ने बताया कि फाल्ट मिलने के बाद ही मरम्मत का काम शुरू हो पाएगा। भारी हिमपात के कारण फाल्ट ढूंढने में दिक्कत आ रही है। डीडीहाट में भी पूरे दिन बिजली की आंखमिचौली जारी रही।