चंपावत। होली पर्व को लेकर जिला मुख्यालय सहित आसपास के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानों में होली के कपड़े, रंग, गुलाल, अबीर, पिचकारियों की बिक्री जोरों पर है। इन सबमें लंबे बालों वाली टोपी युवाओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। साथ ही, विभिन्न मॉडल की पिचकारियां भी बच्चों को आकर्षित कर रही हैं।
गुझिया, पापड़ के साथ ही मावे की बिक्री में भी इजाफा हो रहा है। होल्यारों के स्वागत के लिए सौंफ सुपारी, नारियल के साथ ही रेडीमेड चिप्स और पापड़ों की भी बिक्री हो रही है। होली में युवाओं की ओर से रचे जाने वाले स्वांग के लिए भी बाजार में नकली मूंछ, टोपी की भरमार है। दूसरी ओर चश्मों की बिक्री भी बढ़ी है। होली पर्व को लेकर अकेले चंपावत में ही अब तक पांच लाख से अधिक का कारोबार हो चुका है। ग्रामीण इलाकों में भी होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।