टनकपुर। इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की कोशिश तेज हो गई है। मंगलवार को नोडल अधिकारी द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डा. डीएस पुंडेल के नेतृत्व में हजारीबाग की वन भूमि का फिर ज्वाइंट सर्वे किया गया। नोडल अधिकारी ने कहा कि तीन दिन के अंदर प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा।
शासन ने इंजीनियरिंग कॉलेज मंजूर किया है। अगले सत्र से कॉलेज शुरू कराने की कोशिश तेजी से चल रही है। कॉलेज के लिए आमबाग ग्रामसभा से लगी हजारीबाग की वन भूमि का चयन लगभग फाइनल कर लिया गया है। मंगलवार को शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डा. पुंडेल ने राजस्व, वन और लोनिवि विभाग के साथ भूमि का ज्वाइंट सर्वे किया। नोडल अधिकारी ने बताया कि उक्त भूमि कॉलेज के लिए उपयुक्त है। दो-तीन दिन में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेेज दिया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि अगले सत्र से कॉलेज शुरू होने की उम्मीद है। सर्वे में उप जिलाधिकारी जेएस राठौर, खटीमा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी टीएस शाही, तहसीलदार गोपी राम, एनटी ख्याली राम, राजस्व निरीक्षक ईश्वर सिंह भीमा, पटवारी प्रदीप जुकरिया, लोनिवि के अमीन रामी राम आदि शामिल थे।