लोहाघाट (चंपावत)। बरेली के गंगाशील अस्पताल द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पाटनरशिप (पीपीपी) मोड में संचालित लोहाघाट अस्पताल में मांगों को लेकर अस्पताल स्टाफ ने प्रबंधन तंत्र के खिलाफ आवाज उठाई है। मंगलवार से डाक्टरों समेत तमाम अस्पताल कर्मी बेमियादी हड़ताल पर चले गए। प्रबंधन तंत्र के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेमियादी हड़ताल शुरू कर प्रदर्शन किया गया। आउटडोर इलाज (ओपीडी) पूरी तरह ठप हो गया है। अब यहां सिर्फ आपातकालीन सेवाएं ही चल रही हैं।
कर्मियों का कहना है कि तीन नवंबर को पैरा मेडिकल स्टाफ द्वारा कार्य बहिष्कार करने के बाद मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आश्वासन को अब तक पूरा नहीं किया गया। नाराज कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में डा. नीरज गोस्वामी, डा. महेश, डा. बौनी, डा. सुहागिनी, डा. एस चौहान, डा. एसके वर्मा, डा. इरशाद, डा. केके मिश्रा, डा. कुनाल गर्ग, डा. लोकेश, डा. सुशीला साह ने चार सूत्रीय मांग पत्र सीएमओ को दिया।
मुख्य विकास अधिकारी श्याम सुंदर पांगती, ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता, एसडीएम परितोष वर्मा, एसीएमओ डा. प्रवीण और एमएस डा. पीडी पंगरिया ने डाक्टराें और अन्य कर्मियों से हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया, जिसे कर्मियों ने ठुकरा दिया। हड़ताल की वजह से अस्पताल का सामान्य कामकाज प्रभावित हो रहा है।