हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने पीठ बाजार में मारे गए छापे में देशी शराब का जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने इस दौरान एक शराब तस्कर को भी मौके से गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पुलिस का दावा है कि शराब को हरिद्वार की मलिन बस्तियों में बेचने के लिए लाया गया था।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ी मात्रा में देशी शराब हरिद्वार लाई गई है। इसपर पुलिस की दो टीमों ने पीठ बाजार में छापे मारे और शराब का जखीरा बरामद कर लिया। शराब को एक गोदाम में रखा हुआ था। गोदाम से देशी शराब की करीब 100 पेटियां बरामद हुई हैं। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी राजू को गिरफ्तार किया गया है। वह पुराने समय से शराब की तस्करी के धंधे में लिप्त बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब करीब तीन लाख रुपये की है। इसके साथ ही पुलिस ने देर रात शराब तस्कर की सूचना पर कैतवाड़ा, सराय, नीलखुदाना आदि इलाकों में भी छापे मारे। देर रात तक छापे की कार्रवाई जारी रही।