उत्तराखंड में अब नेताओं को घटिया निर्माण कार्यों में लोगों का ऊंगली उठाना रास नहीं आ रहा है। एक ऐसे ही अधिकारी ने घटिया गुणवत्ता को सुधारने की बात स्वीकारने के बजाय ऊंगली उठाने वाला का हाथ ही दरांती से काट दिया।
सड़क निर्माण पर उंगली उठाने से बौखलाए ब्लाक प्रमुख ने एक ग्रामीण पर दरांती से हमला बोल उसका हाथ काट डाला। घायल को कोअद्वार के संयुक्त चिकित्सालय में भरती कराया गया है।
प्रमुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राजस्व पुलिस ने हमले के आरोपी प्रमुख के खिलाफ भादंसं की धारा 324 और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
घटना एकेश्वर ब्लाक के बस्यूर गांव की है।
घटनाक्रम के मुताबिक बस्यूर गांव का राजेंद्र प्रसाद (55 वर्ष) बुधवार को अपने घर पर ही था। इसी बीच जयहरीखाल का ब्लाक प्रमुख अरुण खंतवाल उसके घर आया और उसे बुला ले गया।
सड़क ठीक से नहीं बनी
बाहर दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। राजेंद्र ने गांव के पास ही बन रही पीडब्लूडी की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायत की कि सड़क ठीक से नहीं बन रही है।
इसी बात पर हुई बहस कहासुनी में बदल गई। आपा खो बैठे प्रमुख ने दरांती से राजेंद्र के सिर पर वार कर दिया। बचाव में राजेंद्र के हाथ सिर पर रख देने से उसका सिर तो बच गया पर हाथ कट गया।
मौके से भाग निकला
घटना के बाद प्रमुख गाड़ी में सवार होकर मौके से भाग निकला। पीड़ित के परिजन 108 सेवा की मदद से घायल को लेकर रात कोटद्वार पहुंचे।
चिकित्सालय पहुंचा पीड़ित
यहां संयुक्त चिकित्सालय में उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि बस्यूर गांव में सड़क का कार्य ब्लाक प्रमुख से जुड़े लोगों की ओर से कराया जा रहा है। घटना को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पट्टी पटवारी चित्र सिंह का कहना है कि घायल की तहरीर के आधार पर ब्लाक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट में भी पीड़ित को काफी चोटें बताई गई हैं।