हल्द्वानी। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारियों ने लंबित मांगों के समर्थन में चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही विशाल जुलूस निकालकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सैकड़ों कर्मचारियों ने शुक्रवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी में जबर्दस्त जुलूस निकाला। करीब एक किमी लंबा जुलूस शहर में घूमते हुए तिकोनिया पार्क में सभा में तब्दील हो गया। उन्होंने फैसला लिया कि लंबित मांगों पर विचार नहीं हुआ तो कर्मचारी निकाय चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
तिकोनिया बुद्ध पार्क से शुरू जुलूस में सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे। वापस बुद्ध पार्क पहुंचे आंदोलित कर्मचारियों ने अफसरशाही पर निचले कर्मचारियों का मानसिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ हल्द्वानी अध्यक्ष प्रकाश भाकुनी और शाखा मंत्री चंद्र लाल ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो प्रदेशभर के कर्मचारी निकाय चुनावाें का बहिष्कार करेंगे। जुलूस में हरकेश सिंह, रणजीत सिंह अधिकारी, मोहन राम, लीलाधर तिवाड़ी, नंदा बल्लभ पांडे, केदार सिंह, हीरा लाल बिष्ट, शेर सिंह नेगी, डीडी पंत, सुशीला पलड़िया, पुष्पा पंत, दीपा आर्या, विमला पंत समेत सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे।