हल्द्वानी। डेंगू हल्द्वानी में भी तेजी से पैर फैलाते जा रहा है। करीब दस दिन पहले हल्द्वानी से रेफर डेंगू की एक रोगी ने शुक्रवार रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। डेंगू के दो-तीन रोगी रोज हल्द्वानी के अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। पहाड़ी जिलों में भी डेंगू के कई मरीज मिले हैं। ऊधमसिंह नगर में डेंगू से एक मौत पहले ही हो चुकी है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन विकराल होती इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। नगर निगम और पालिका भी जगह-जगह जमा हुए पानी की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इसके अलावा कई जिलों में अब तक फागिंग का काम भी नहीं हुआ है।
दमुवाढूंगा के जवाहर ज्योति निवासी किशन राम चम्याल तेज बुखार आने पर करीब दस दिन पहले बेटी किरन प्रभा को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में लेकर आए। ब्लड जांच के बाद डाक्टर ने डेंगू की शंका जताई। किरन के चाचा आनंद राम ने बताया कि इसके बाद वह किरन को लेकर दिल्ली एम्स गए। यहां से किरन को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं आया, उसे रुक-रुककर बुखार आता रहा। शुक्रवार रात करीब दो बजे किरन ने दम तोड़ दिया। किरन एमबीपीजी कालेज हल्द्वानी में एमए प्रथम वर्ष अंग्रेजी की छात्रा थी।