हल्द्वानी। भीमताल स्थित सनी लेक काटेज के एक कमरे में दम घुटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेहोश हो गया। बेहोश युवक को हल्द्वानी के बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करवाया गया है। वह टिहरी गढ़वाल का रहने वाला था और कुक का काम करता था।
लामाकोट, टिहरी गढ़वाल निवासी शिवप्रसाद (29) शनिवार को दिल्ली के एक परिवार के साथ सनी लेक कॉटेज स्थित उनके मकान में आया था। वह कुक का काम करता था। रात में सबको खाना खिलाने और खुद खाने के बाद वह कॉटेज के माली कुंदन निवासी भीमताल के साथ सर्वेंट क्वाटर में सोने चला गया। वहां दोनों ने शराब पी। ठंड से बचने के लिए दोनों ने कमरे की खिड़कियां बंद की और अंगीठी जलाकर सो गए। सुबह जब कमरा नहीं खुला तो साथ आए लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर दोनों बेहोश पडे़ थे। उन्हें 108 से हल्द्वानी लाया गया, जहां बेस अस्पताल में शिव प्रसाद को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कुंदन को बृजलाल अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम तक उसे होश आ गया। उसने पुलिस को सारी कहानी बताई। शिव प्रसाद की मौत की सूचना के बाद उसके भाई और पिता देर रात तक हल्द्वानी पहुंच गए थे।