पौड़ी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 15-15 दिन के अंतराल में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने 10 फरवरी को जिला मुख्यालय से ग्राम स्तर तक स्वच्छता अभियान व जन जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने गंदगी फैलाने वाले होटल, रिजॉर्ट व रेस्तरां वालों को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने नमामि गंगे समिति की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता व जन जागरूकता के प्रति अधिकारियों को गंभीरता दिखानी होगी। 10 फरवरी को जिला मुख्यालय पौड़ी से लेकर ग्राम स्तर तक अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त रूप से स्वच्छता व जनजागरूकता अभियान चलाएंगे। डीएम ने कहा कि शासकीय अवकाश के दिन 15-15 दिन के अंतराल में इस अभियान को चलाया जाएगा। डीएम ने गंदगी फैलाने वाले होटल, रिजॉर्ट व रेस्तरां वालों को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए। सीडीओ दीप्ति सिंह ने जल निगम व जल संस्थान को एसएमसी शौचालय टैंकों से एकत्र मल के ट्रीटमेंट को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीडीओ वेद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल कुमार शाह, डीपीआरओ एमएम खान, एसडीओ वन प्रभाग एमके बहुखंडी, अधिशासी अधिकारी जिला पंचायत अंशिका स्वरूप, ईओ नगर पालिका पौड़ी विनोद लाल शाह, श्रीनगर के एसपी गुप्ता, ई. अंकुर सिंह व विजय गैरोला आदि मौजूद थे।