पौड़ी। क्षेत्र पंचायत कोट की बैठक में पानी की समस्या जोर-शोर से उठी। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों ने बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाईं। बताया कि बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने से कई जगहों पर बिजली के तार हवा में झूल रहे हैं। पेयजल टैंकों एवं उनकी सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। बैठक में कुछ विभागों के अधिकारियों के न आने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।
ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में उरेडा विभाग के अधिकारियों के कई बार की बीडीसी बैठकों से नदारत रहने पर सदस्यों नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के बैठकों में न आने से समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। विभागीय योजनाओं की सही जानकारियां भी नहीं मिल पाती हैं। बीडीओ ने कहा कि कई विभागों को पूर्व में दिए गए कार्यों के सापेक्ष क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि धन सिंह नेगी ने बताया गया कि पेयजल लाइन में टूल्लू पंप लगाने पर अन्य जगहों पर पानी नहीं आता। उन्होंने जल संस्थान को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सबदरखाल क्षेत्र में टैंक निर्माण की मांग की तो ज्येष्ठ प्रमुख फते सिंह ने कंडोला गांव के स्कूल में पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत की। इस दौरान स्कूल में शीघ्र पानी की आपूर्ति के निर्देश विभाग को दिए गए। ग्राम प्रधान कुंडी ने क्षेत्र में बिजली की समस्या, सैंजगांव में बिजली की झूलती तारों को ठीक करने, लसेरा गांव में पेयजल समस्याएं उठाईं। सहायक परियोजना निदेशक सुनील कुमार ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में कनिष्ठ प्रमुख संपत्ति देवी, ग्राम प्रधान रजनी देवी, सोनी देवी, सुरेंद्र लिंगवाल, नवीन सिंह, पुष्पा देवी, विजय सिंह, गीता देवी, प्रमोद कुमार, सतेंद्र पाल समेत विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र नौटियाल ने किया।