पौड़ी। विकास खंड थलीसैंण का एक प्राथमिक विद्यालय विगत पांच दिनों से बंद है। शिक्षा विभाग इससे अनजान है। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता व शिक्षकों का गैरजिम्मेदाराना व्यवहार नौनिहालों के भविष्य पर भारी पड़ रहा है। विद्यालय में 25 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
विकास खंड थलीसैंण का राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्यूंसाल पांच दिनों से बंद है। विद्यालय में बच्चे सुबह-सुबह स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन स्कूल में ताला लटका देख वे निराश होकर घर लौट जाते हैं। विभागीय अधिकारी इससे अनजान हैं। बताया जा रहा है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक तीन दिन खेल महाकुंभ के आयोजन में गए थे, जबकि सहायक अध्यापक एक दिन टीईटी की परीक्षा देने गए थे। बाकी दिनों में विद्यालय न खुलने का जवाब अधिकारियों के पास नहीं है। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली चौथान विकास समिति के महासचिव भीम सिंह रावत ने बताया कि राजकीय विद्यालय स्यूंसाल 11 दिसंबर से बंद है। विद्यालय में शिक्षण कार्य बंद होने से अभिभावकों में रोष है। बीईओ थलीसैण एसडी वर्मा ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्यूंसाल के बंद होने का मामला संज्ञान में नहीं है। सीआरसी को मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में हीलाहवाली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।