पौड़ी। ऐठाणा के ग्रामीणों ने नगर पालिका श्रीनगर में अपने गांव को शामिल किए जाने पर ऐतराज जताते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भी दिया है।
शुक्रवार को ऐठाणा गांव के दर्जनों ग्रामीण पौड़ी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पालिका श्रीनगर में ऐठाणा को सम्मिलित करने पर विरोध जताया। पूर्व प्रधान सरोजनी मियां व ग्रामीण अनिल सिंह धनाई ने डीएम को ज्ञापन देते हुए कहा कि उनका गांव नगर पालिका क्षेत्र से काफी दूर पहाड़ी पर बसा है, जहां ज्यादातर लोग अपनी खेतीबाड़ी और पशुपालन करके अपना जीवन बिता रहे हैं। उनके गांव में सभी सुविधाएं हैं, इसलिए ग्रामीण नहीं चाहते हैं कि उनका गांव नगर पालिका में शामिल किया जाए। ग्रामीण इससे पूर्व तहसील और नगर पालिका श्रीनगर में धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बावजूद अगर उनके गांव को पालिका में शामिल किया जाता है तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। डीएम सुशील कुमार ने एसडीएम श्रीनगर को इस संबंध में मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति जानने के बाद रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कुलदीप धनाई, गोदांबरी देवी, मीना देवी, कुसुम, हेमा देवी, रजनी, पुष्पा, मंजू, बीना देवी, सुमिता, ऊषा, सरोजनी, सुधा व संतोषी आदि शामिल रहे।