पौड़ी। गढ़वाल सांसद मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि) की पीड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी उनके बेटे मनीष खंडूड़ी ने बयां किया। उन्होंने कहा कि ‘मैंने पिता की आंखों में सिर्फ दो बार आंसू देखे हैं। पहली बार तब जब बहन की शादी हुई और दूसरी तब जब केंद्र सरकार ने उन्हें रक्षा समिति के अध्यक्ष पद से हटाया’। उनकी बात सुनकर जनसभा का पूरा पंडाल भावुक हो उठा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
गढ़वाल लोकसभा सीट प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी के नामांकन के बाद रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की जनसभा में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि ऐसे चौकीदार का क्या करना, जिसके राज में चोरी पर चोरी हो रही हैं। उत्तराखंड के लाल मुरली मनोहर जोशी, जनरल खंडूड़ी का भाजपा अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी देश को मनमाने ढंग से चला रहे हैं। उपभोक्ता, व्यापारी, नौजवान, किसान हर कोई परेशान है। सह-प्रदेश प्रभारी राजेश धर्माणी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आई, तो मनीष खंडूड़ी को अहम स्थान दिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि प्रतिकूल मौसम में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि मनीष की जीत निश्चित है। कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी ने कहा कि ‘कांग्रेस विचारधारा से जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। हमारा परिवार सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। मेरे परदादा ने चंद्र बल्लभ ट्रस्ट बनाकर समाजसेवा की। मैं बहन के साथ मिलकर जय दुर्गा सामाजिक कल्याण संस्था के माध्यम से शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहा हूं, पिता से मैंने सच्चाई, ईमानदारी व दृढ़ निश्चय सीखा है। पिता के आशीर्वाद से ही राजनीति में आया हूं’।
पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खंडूड़ी की उपेक्षा कर उत्तराखंड का अपमान किया है। पहले उन्हें केंद्रीय कैबिनेट में स्थान नहीं दिया। उसके बाद रक्षा समिति से भी हटा दिया। पूर्व मंत्री राजेंद्र भंडारी, गणेश गोदियाल ने प्रदेश व केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। सभा का संचालन प्रदेश प्रवक्ता अद्वैत बहुगुणा व उमाचरण बड़थ्वाल ने किया। इस दौरान विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष अनुसूया प्रसाद मैखुरी, विधायक केदारनाथ मनोज रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व विधायक डा. जीतराम, शैलेंद्र रावत, प्रदेश महासचिव राजपाल बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग लक्ष्मी राणा, मेयर कोटद्वार हेमलता नेगी, पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग सरोजनी कैंतुरा, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, राजीव गांधी पंचायतराज संगठन के लोकसभा संयोजक महेश शंकर त्रिकोटी, पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल चौहान, हिमांशु बिजल्वाण, परवेज अहमद आदि मौजूद थे।
बारिश के बावजूद उमड़ी भीड़
पौड़ी। कांग्रेस के गढ़वाल लोकसभा प्रत्याशी की जनसभा में बारिश के बावजूद भारी भीड़ उमड़ी। जनता लगातार हो रही बारिश में भी डटी रही। भारी जन सैलाब को देख कांग्रेसी गदगद नजर आए।
कर्नल कोठियाल से जुड़े युवाओं ने थामा हाथ
पौड़ी। निम के पूर्व प्राचार्य व यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल से जुड़े युवाओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। छात्र नेता पुष्पेंद्र पंवार के नेतृत्व में कर्नल से जुड़े 250 युवाओं ने जनसभा में कांग्रेस की सदस्यता ली।
विभिन्न दलों के पदाधिकारी हुए कांग्रेस में शामिल
पौड़ी। गढ़वाल लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी की जनसभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल हुए। इनमें यूकेडी के जिला प्रवक्ता भाष्कर बहुगुणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोहर लाल पहाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सुंदरियाल, भाजपा से धनपाल चौहान, गजेंद्र चौहान, गोपाल पंवार, बचन सिंह, रणवीर बिष्ट, हीरा ध्यानी, महावीर सिंह, वीरेंद्र कुमार, रुद्रप्रयाग के सुशीला बिष्ट सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। ब्यूरो